नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा परिसर में सोमवार दोपहर सुरक्षा में भारी चूक सामने आई है। बताया जाता है कि अज्ञात कार सवार ने वीआईपी गेट नंबर 2 की बैरिकेडिंग तोड़कर परिसर में प्रवेश किया। अंदर घुसते ही चालक ने स्पीकर के ऑफिस के पास एक गुलदस्ता रखा और फिर कार लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंच गई और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी।
बताया जाता है कि सोमवार दोपहर करीब 12:45 बजे, गेट नंबर 2 पर सुरक्षा कर्मियों ने कार की एंट्री नोट की। कार ने बैरिकेडिंग तोड़ते हुए अंदर प्रवेश किया। वाहन चालक ने अंदर गुलदस्ता रखा और लगभग दो मिनट के भीतर गेट से बाहर निकल गया। पुलिस ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज और गेट पास रिकॉर्ड खंगाले। पुलिस पूरे क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रही है और आस-पास के सीसीटीवी नेटवर्क को ट्रेस कर ड्राइवर की पहचान करने की कोशिश कर रही है। घटना ने विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा को मजबूर कर दिया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि मामले की जांच तेज कर दी गई है। गेट पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और सुरक्षा कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ड्राइवर की पहचान के लिए वाहन नंबर प्लेट और आसपास के गवाहों की मदद ले रही है।
👉 यह भी पढ़ें:
दिल्ली पुलिस के डीसीपी ने बताया कि उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार ने गेट नंबर 2 से जबरन घुसी, जिससे लोहे का गेट भी क्षतिग्रस्त हो गया। कार चालक विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर बढ़ा और बरामदे के पास फूलों का एक गुलदस्ता भी रख गया। दिल्ली पुलिस ने कहा कि गाड़ी की तलाश जारी है। अधिकारियों ने बताया कि कार चला रहे शख्स ने अपना चेहरा ढक रखा था।
अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर बढ़ी गाड़ी
बताया जाता है कि कार चालक सीधे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर बढ़ा और पोर्च के पास फूलों का गुलदस्ता रख दिया। इस घटना से दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। बताया जाता है कि जो कार दिल्ली विधानसभा में घुली वह यूपी-26, पीलीभीत नंबर की टाटा सिएरा गाड़ी थी। आरोपी व्यक्ति ने विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय के पास जो गुलदस्ता रखा, उसमें फिलहाल कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली है।



