पटना। बिहार के मुंगेर में एएसआई संतोष कुमार के हत्यारों को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम के साथ बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। इसमें थाने के एसएचओ समेत चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। एक आरोपी गुड्डू यादव के पैर में गोली लगी है, जिसका इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह मुंगेर पुलिस की विशेष टीम एएसआई के हत्यारों को पकड़ने के लिए निकली थी। इसी दौरान अपराधियों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। इसके कारण पुलिस की एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हमले के दौरान एक आरोपी गुड्डू यादव ने एक सिपाही का हथियार छीनने की कोशिश की और उसके साथी गोलीबारी करने लगे। पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गुड्डू यादव को पैर में गोली लगी। घायल गुड्डू यादव को पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। फरार अपराधियों की तलाश जारी है।
👉 यह भी पढ़ें:
- नेपाल में जलप्रलय से बिहार-यूपी में चिंता, मदद के लिए आगे आया भारत
- सुपौल में तेज रफ्तार कार का कहर: कीर्तन कर रहे 5 लोगों की मौत, NH-327E पर मचा हंगामा
- सावन की आखिरी सोमवारी पर सिंहेश्वर मंदिर में भगदड़, कई श्रद्धालु घायल; अफवाह से मची अफरा-तफरी
- बेतिया में दर्दनाक हादसा: ऑर्केस्ट्रा देख रही भीड़ में घुसी तेज रफ्तार बस, 5 की मौत
- नालंदा में मिड-डे मील की बड़ी लापरवाही: नमक की जगह सब्जी में डाल दिया सर्फ, 40 से ज्यादा बच्चे बीमार
- बिहार के गयाजी में कुएं में जहरीली गैस से पिता-पुत्र समेत चार की मौत
विवाद सुलझाने गए थे एएसआई
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार रात आठ बजे सूचना मिली कि आईटीसी नंदलालपुर के पास दो पक्ष आपस में किसी बात को लेकर मारपीट कर रहे। इसी सूचना पर एएसआई संतोष कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गये और झगड़ा कर रहे दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान एक पक्ष ने तेज धार हथियार से हमला कर दिया। एएसआई जब तक संभल पाते तब तक कई बार उनके सिर पर वार किया गया। इसके बाद वह बेहोश होकर गिर गए। इलाज के लिए पटना ले जाते समय उनकी मौत हो गई।



