रायपुर। छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर और कांकेर में सुरक्षाबलों ने दो मुठभेड़ में 22 नक्सलियों को मार गिराया है। बीजापुर पुलिस के अनुसार बीजापुर–दंतेवाड़ा सीमा पर गंगालूर पुलिस थाने के अंतर्गत वन क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान 18 नक्सली मारे गए हैं। इसी तरह चार नक्सलियों को कांकेर में मारा गया है। इस कार्रवाई के दौरान बीजापुर जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के एक जवान भी शहीद हो गए। बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने इसकी पुष्टि की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गंगालूर इलाके के एंड्री के जंगलों में भारी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना बीजापुर पुलिस को मिली थी। इस सूचना के बाद गंगालूर क्षेत्र में डीआरजी, एसटीएफ और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम को भेजा गया। ऑपरेशन के दौरान गुरुवार सुबह नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच लगातार फायरिंग चली। इसके बाद इलाके में सर्चिंग के दौरान मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद के साथ दो नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ में बीजापुर डीआरजी के एक जवान भी शहीद हो गए। इससे पहले बीजापुर और नारायणपुर से लगी महाराष्ट्र की सीमा पर सुरक्षाबल और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई थी। इसमें 31 नक्सलियों की मौत हो गई थी।
गृह मंत्री शाह ने किया पोस्ट
सुरक्षाबलों के ऑपरेशन के बाद अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार नक्सलियों के विरुद्ध रुथलेस अप्रोच से आगे बढ़ रही है और समर्पण से लेकर समावेशन कीसमावेशन की तमाम सुविधाओं के बावजूद जो नक्सली आत्मसमर्पण नहीं कर रहे, उनके खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है।


