अमेरिका के पेंसिल्वेनिया में सड़क हादसे में दो भारतीय छात्रों की दर्दनाक मौत, एक घायल
अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य में एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो भारतीय छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हुआ है।

मृतकों की पहचान और हादसे का विवरण
हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों की पहचान मानव पटेल और सौरव प्रभाकर के रूप में हुई है। दोनों क्लिवलैंड स्टेट यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे थे। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, सौरव प्रभाकर वाहन चला रहे थे, जब तेज रफ्तार के चलते कार नियंत्रण से बाहर होकर पहले एक पेड़ से टकराई और फिर एक पुल के खंभे से जा भिड़ी। दोनों छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य साथी छात्र घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भारतीय वाणिज्य दूतावास ने जताया शोक
घटना की जानकारी मिलने के बाद भारतीय वाणिज्य दूतावास, न्यूयॉर्क ने गहरा शोक जताया है। एक्स पर साझा किए गए एक पोस्ट में दूतावास ने लिखा क्लिवलैंड स्टेट यूनिवर्सिटी के दो भारतीय छात्रों, मानव पटेल और सौरव प्रभाकर, की दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में मृत्यु की खबर से हम अत्यंत दुखी हैं। इस कठिन समय में हमारी प्रार्थनाएं और संवेदनाएं उनके परिवारों के साथ हैं।”
दूतावास ने यह भी बताया कि वह दोनों छात्रों के परिवारों के संपर्क में है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
स्थानीय प्रशासन की कार्रवाई
पुलिस ने इसे एक दुर्घटनावश घटना बताया है। हादसे की जांच की जा रही है, और परिवारों को रिपोर्ट की जानकारी दी जा रही है।
यह घटना न केवल दुखद है, बल्कि विदेश में पढ़ रहे छात्रों की सुरक्षा को लेकर भी एक अहम सवाल उठाती है।


