नई दिल्ली। देश में अफसरशाही के चर्चे बहुत होते हैं, लेकिन बीएसएनल के निदेशक विवेक बंजल का अंदाज ही कुछ अलग है। उन्होंने अपने प्रयागराज दौरे के लिए 50 अफसरों की ड्यूटी लगा दी। इसमें जांघिया से लेकर तेल तक की व्यवस्था में अफसर लगाए गए थे। ड्यूटी चार्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब सरकार एक्शन में आ गई है। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसे अनुचित और अस्वीकार्य बताया। साथ ही यह भी कहा कि निदेशक को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा चुका है।
सिंधिया ने साफ कहा कि स्थापित नियमों और प्रशासनिक परंपराओं का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निदेशक को सात दिन में जवाब देने को कहा गया है। जवाब मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि यह 21वीं सदी है और इस तरह का व्यवहार चौंकाने वाला है। सरकार ने यह भी कहा कि संस्थागत अनुशासन और प्रोटोकॉल का पालन सर्वोपरि है।
👉 यह भी पढ़ें:
- दिल्ली से रायपुर जा रही इंडिगो फ्लाइट की नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, कई कांग्रेसी नेता सवार
- अभिजीत दीपके ने INDI गठबंधन के प्रदर्शन का किया समर्थन, कहा देश को एकजुट होना होगा
- NEET परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक रोकने टास्क फोर्स ने लास्ट मिनट तैयारी प्रस्तावित किया
- जियोपीसी से पढ़ाई के लिए कम खर्च में मिलेगा कंप्यूटर, एआई का भी कर सकेंगे इस्तेमाल
- ब्लूमबर्ग इकोनॉमी फोरम में पीएम मोदी बोले, भारत लोकतंत्र की जननी है
- पंजाब में नशे का विरोध करने पर समाजसेवी परविंदर झोटा की गोली मारकर हत्या
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा आदेश
सोशल मीडिया पर इस आदेश के वायरल होते ही बवाल मच गया। इसके बाद आनन-फानन में निदेशक का प्रयागराज दौरा रद्द कर दिया गया। कार्यालय आदेश के अनुसार विवेक बंजल 25-26 फरवरी को दो दिवसीय दौरे पर प्रयागराज आने वाले थे। 19 फरवरी को जारी प्रोटोकॉल नोटिस में लगभग 50 अधिकारियों और कर्मचारियों को अलग-अलग कार्य सौंपे गए। कार्यक्रम में स्वागत, संगम स्नान, नौका विहार और बड़े हनुमान मंदिर, अक्षयवट तथा पातालपुरी मंदिर के दर्शन शामिल थे। हर स्थल पर किस अधिकारी की क्या भूमिका होगी, यह लिखित में दर्ज था।
तौलिया, अंडरवियर, कंघी की भी व्यवस्था
सबसे ज्यादा विवाद स्नान किट की सूची को लेकर हुआ। आदेश में संगम स्नान के समय तौलिया, अंडरवियर, चप्पल, कंघी, दर्पण और तेल की बोतल तक की व्यवस्था का उल्लेख था। पुरुषों के लिए छह किट और महिलाओं के लिए दो किट का निर्देश दिया गया था। इसके अलावा घाट पर बेडशीट रखने और होटल व सर्किट हाउस में सूखे मेवे, फल, शेविंग किट, टूथपेस्ट, ब्रश, साबुन, शैम्पू और तेल की व्यवस्था करने की बात लिखी गई थी। कुल 20 कार्यों के लिए करीब 50 अधिकारियों को तैनात किया गया था।



