ईरान-इजराइल तनाव के चलते एयर इंडिया की उड़ानें प्रभावित, कई फ्लाइट्स डायवर्ट या रद्द
ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के चलते वैश्विक हवाई यातायात पर गहरा असर पड़ा है। एयर इंडिया की मुंबई से लंदन जा रही फ्लाइट उड़ान भरने के तीन घंटे बाद हवा में चक्कर काटते हुए वापस मुंबई लौट आई।
आंकड़ों के मुताबिक, यह विमान सुबह 5:39 बजे मुंबई एयरपोर्ट से रवाना हुआ था, लेकिन ईरान का हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण उसे वापस लौटना पड़ा।

एयर इंडिया ने बयान जारी कर बताया कि ईरान में वर्तमान स्थिति बेहद तनावपूर्ण है। ऑपरेशन राइजिंग लायन के तहत इजराइल द्वारा ईरान के परमाणु और सैन्य ठिकानों पर किए गए हमले के बाद दोनों देशों ने अपने-अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है। इसका असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ा है, और एयर इंडिया की कई उड़ानों को या तो डायवर्ट कर दिया गया है या उन्हें वापस लौटना पड़ा है।
प्रभावित उड़ानों की सूची:
-
AI 101 (दिल्ली–न्यूयॉर्क): फ्रैंकफर्ट/मिलान की ओर मोड़ी जा रही है
AI 102 (न्यूयॉर्क–दिल्ली): शारजाह की ओर मोड़ी गई
AI 103 (दिल्ली–वाशिंगटन): दिल्ली वापस लौटी
AI 104 (वाशिंगटन–दिल्ली): विएना की ओर मोड़ी गई
AI 106 (नेवार्क–दिल्ली): दिल्ली वापस लौटी
AI 116 (न्यूयॉर्क–मुंबई): जेद्दा की ओर मोड़ी गई
AI 119 (मुंबई–न्यूयॉर्क): मुंबई वापस लौटी
AI 126 (शिकागो–दिल्ली): जेद्दा की ओर मोड़ी जा रही है
AI 129 (मुंबई–लंदन हीथ्रो): मुंबई वापस लौटी
AI 130 (लंदन हीथ्रो–मुंबई): विएना की ओर मोड़ी गई
AI 132 (लंदन हीथ्रो–बंगलूरू): शारजाह की ओर मोड़ी जा रही है
AI 188 (वैंकूवर–दिल्ली): जेद्दा की ओर मोड़ी गई
AI 189 (दिल्ली–टोरंटो): दिल्ली लौट रही है
AI 190 (टोरंटो–दिल्ली): फ्रैंकफर्ट की ओर मोड़ी गई
AI 2016 (लंदन हीथ्रो–दिल्ली): विएना की ओर मोड़ी गई
AI 2018 (लंदन हीथ्रो–दिल्ली): मुंबई की ओर मोड़ी गई
एयर इंडिया का बयान:
एयर इंडिया ने अप्रत्याशित व्यवधान के लिए यात्रियों से खेद प्रकट किया है। कंपनी ने यात्रियों के लिए होटल और अन्य आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने की बात कही है। साथ ही, यात्रियों को विकल्प के तौर पर फ्लाइट कैंसिलेशन, रीशेड्यूलिंग, रिफंड और नई बुकिंग की सुविधा दी जा रही है।
एयर इंडिया ने आश्वस्त किया है कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है।
क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति:
गौरतलब है कि इजराइल ने “ऑपरेशन राइजिंग लायन” शुरू किया है, जिसके तहत उसने ईरान के परमाणु और सैन्य ठिकानों पर हमला किया है। इसके कुछ ही घंटों बाद ईरानी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया, वहीं इजराइल ने भी हवाई क्षेत्र सील कर दिया और अपनी सीमाओं पर आपातकालीन तैयारी बढ़ा दी है।


