ट्रेन में मारपीट मामले पर बीजेपी सख्त: विधायक राजीव पारीक्षा को नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब
भाजपा ने ट्रेन में यात्रा के दौरान कुछ लोगों से मारपीट के मामले में बबीना (झांसी) के विधायक राजीव पारीक्षा को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर जवाब देने को कहा है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की ओर से यह नोटिस भेजा गया है। वहीं, प्रदेश महामंत्री और मुख्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला की ओर से जारी पत्र में विधायक के इस आचरण को पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला और अनुशासनहीन बताया गया है।
पत्र में चेतावनी दी गई है कि यदि समय से स्थिति स्पष्ट नहीं की गई तो विधायक के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मथुरा की पूर्व जिलाध्यक्ष मधु शर्मा को भी नोटिस
इसी के साथ मथुरा की पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष मधु शर्मा को भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी करने के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्हें भी सात दिन में जवाब देने को कहा गया है।
भाजपा ने यह साफ कर दिया है कि पार्टी अनुशासन और छवि को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं करेगी।


