नई दिल्ली। एशिया कप 2025 में 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान का मैच होने वाला है। इस पर जल्द सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी। कोर्ट ने कहा कि ये एक मैच है, इसे होने दीजिए। याचिका में जल्द सुनवाई की मांग की गई थी। जस्टिस जेके माहेश्वरी और जस्टिस विजय बिश्नोई की बेंच ने कहा, इतनी जल्दी क्या है? मैच इसी रविवार को है, क्या किया जा सकता है?
उल्लेखनीय है कि उर्वशी जैन के नेतृत्व में चार लॉ स्टूडेंट्स ने याचिका दायर कर कहा कि पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच खेलना राष्ट्रीय गरिमा और जनभावना के विपरीत संदेश देता है। याचिका में कहा गया है कि देशों के बीच क्रिकेट सद्भाव और मित्रता दिखाने के लिए होता है, लेकिन पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद, जब हमारे लोग मारे गए और हमारे सैनिकों ने अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया, तो पाकिस्तान के साथ खेलने से विपरीत संदेश जाएगा कि जहां हमारे सैनिक अपनी जान कुर्बान कर रहे हैं। वहीं हम उसी देश के साथ खेल का जश्न मना रहे हैं जो आतंकवादियों को पनाह दे रहा है। याचिकाकर्ताओं ने कहा कि इससे उन पीड़ितों के परिवारों की भावनाओं को भी ठेस पहुंच सकती है जिन्होंने पाकिस्तानी आतंकवादियों के हाथों अपनी जान गंवाई।
👉 यह भी पढ़ें:
- सुप्रीम कोर्ट में बोले कांग्रेस नेता पवन खेड़ा-मुझे गिरफ्तार कर जलील करने की जरूरत नहीं
- कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को सुप्रीम कोर्ट से झटका, हाईकोर्ट के अंतरिम जमानत आदेश पर रोक, असम के सीएम की पत्नी पर आरोप का मामला
- मालदा बंधक कांड पर सख्त कार्रवाई: सुप्रीम फटकार के बाद मास्टरमाइंड गिरफ़्तार, एनआईए करेगी जांच
- एसआईआर पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट की ममता सरकार को फटकार, कहा-आपका तो हर अधिकारी राजनीतिक भाषा बोलता है
गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट से याचिका पर अर्जेंट हियरिंग का अनुरोध किया गया था। भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को दुबई में एशिया कप का टी20 क्रिकेट मैच होना है। जस्टिस जेके महेश्वरी और जस्टिस विजय बिश्नोई के सामने यह मामला रखा गया। याचिककार्ताओं की ओर से वकील ने बेंच से कहा कि रविवार को मैच होना है इसलिए याचिका को शुक्रवार को लिस्ट कर दिया जाए। इस पर कोर्ट ने कहा कि वह रोक नहीं लगाएंगे मैच होने दीजिए। वकील ने फिर से कोर्ट से अनुरोध किया कि मामले को सूचीबद्ध किया जाए, लेकिन कोर्ट ने इनकार कर दिया।


