उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। बिहार का कुख्यात अपराधी और 1.25 लाख रुपये का इनामी बदमाश लल्लन सिंह उर्फ ललन सिंह रविवार देर रात सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। वर्षों से पुलिस के लिए सिरदर्द बना यह अपराधी हत्या, बैंक डकैती, कैश-वैन लूट और पुलिसकर्मियों पर हमले जैसे कई संगीन मामलों में वांछित था।
एडीजी एसटीएफ अमिताभ यश के अनुसार, वाराणसी पुलिस ने लल्लन पर एक लाख रुपये और चंदौली पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। समस्तीपुर (बिहार) का रहने वाला लल्लन लंबे समय से फरार चल रहा था और कई राज्यों की पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
👉 यह भी पढ़ें:
21 जून की रात सहारनपुर के सरसावा-नकुर रोड पर एसटीएफ की टीम संदिग्ध अपराधियों की तलाश में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी की तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में लल्लन सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल बदमाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, लल्लन सिंह पर सात लोगों की हत्या के आरोप थे। इनमें दो सब-इंस्पेक्टर, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड भी शामिल थे। उस पर बैंक डकैती, कैश-वैन लूट और सरकारी हथियार लूटने जैसे गंभीर अपराध दर्ज थे।
सबसे चर्चित मामला 8 नवंबर 2022 का था, जब उस पर वाराणसी में एक सब-इंस्पेक्टर को गोली मारकर उनकी सर्विस पिस्टल लूटने का आरोप लगा था। इसके अलावा चंदौली में हुई लूट और गोलीबारी की घटनाओं में भी वह वांछित था।



