डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मंच पर एक नई पोस्ट में दावा किया है कि अमेरिका ने ईरान की सैन्य शक्ति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि इसमें ईरान की पूरी नौसेना, वायुसेना और अन्य सैन्य क्षमताएं शामिल हैं।
ट्रंप ने यह भी कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य जल्द ही फिर से खोल दिया जाएगा। उन्होंने अपने पिछले बयान को दोहराते हुए कहा कि खाली तेल टैंकर अब “अमेरिकी तेल” लेने के लिए आगे बढ़ रहे हैं।
ईरान के साथ हुए दो हफ्तों के सशर्त युद्धविराम के संदर्भ में ट्रंप ने बताया कि ईरान के होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने की सहमति देने पर अमेरिका ने बमबारी रोकने का फैसला किया है।
गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर हमले किए थे, जिसके बाद ईरान ने इस अहम समुद्री मार्ग की नाकेबंदी कर दी थी।
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे व्यस्त तेल परिवहन मार्गों में से एक है, जहां से संघर्ष से पहले तक वैश्विक स्तर पर लगभग 20 प्रतिशत तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस का परिवहन होता रहा है।
इसी बीच इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडलों के बीच शांति वार्ता जारी है, जिसे अब तक सकारात्मक बताया जा रहा है।
कूटनीतिक बातचीत और सैन्य तनाव के इस दौर में दुनिया की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या हालात सच में सामान्य होंगे या टकराव और गहराएगा।


