ईरान के अधिकारियों ने जासूसी, दुश्मन देशों से सहयोग और सरकार विरोधी गतिविधियों के आरोप में बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं और कई संपत्तियां भी जब्त कर ली गई हैं।
सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार, पुलिस ने रविवार को देशभर में खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान चलाकर एक संगठित नेटवर्क को ध्वस्त किया, जो संवेदनशील जानकारी दुश्मन देशों तक पहुंचाने की कोशिश कर रहा था। इस कार्रवाई के दौरान 50 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों ने सर्विस ढांचे, चेकपॉइंट्स और सुरक्षा बलों के ठिकानों की जानकारी दुश्मन तक पहुंचाई, जिससे उन्हें निशाना बनाने में मदद मिली। छापेमारी के दौरान संदिग्धों के पास से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, सैटेलाइट यंत्र, हथियार और गोलियां भी बरामद की गईं।
वहीं गिलान प्रांत में इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कोर ने भी बड़ी कार्रवाई करते हुए हालिया संघर्ष के दौरान अमेरिका और जायोनिस्ट नेटवर्क से जुड़े 102 लोगों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। बयान के अनुसार, चार लोगों को मोसाद से संबंध होने के आरोप में पकड़ा गया है।


