हल्द्वानी हिंसा को लेकर प्रशासन का सख्त रवैया, हिंसा के मुख्य आरोपी को 2.44 करोड़ का नोटिस
उत्तराखंड में हल्द्वानी नगर निगम ने बनभूलपुरा हिंसा के मुख्य आरोपी अब्दुल मलिक के खिलाफ सरकारी संपत्तियों को कथित रूप से नुकसान पहुंचाने के लिए सोमवार को दो करोड़ 44 लाख रुपये की वसूली का नोटिस जारी किया है . नगर आयुक्त द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि मलिक का बगीचा में अवैध रूप से बनाए गए दो भवनों को ध्वस्त करने के लिए गयी प्रशासनिक टीम पर हमला कर मलिक के समर्थकों द्वारा नगर निगम की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया.

नगर निगम की ओर से जो नोटिस भेजा गया है. इसमें आठ फरवरी को घटना वाले दिन दर्ज प्राथमिकी का भी जिक्र किया गया है जिसमें मलिक को नामजद किया गया है. मलिक द्वारा कथित रूप से किए गए नुकसान का प्रारंभिक आकलन 2.44 करोड़ रुपये बताते हुए नगर निगम ने उसे 15 फरवरी तक यह राशि नगर निगम, हल्द्वानी में जमा कराने को कहा है. नोटिस में कहा गया है कि ऐसा न होने पर उससे कानूनी तरीके से यह वसूली की जाएगी.



