कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मतदान के दिन नजदीक आते-आते ही सभी दल पूरी ताकत से जुट गए हैं। आरोप-प्रत्यारोप और दांव-पेंच जारी है। इसी बीच बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने अब इमोशनल कार्ड खेल दिया है। ममता ने खुद को अकेली बताते हुए केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है।
बीरभूम जिले के सूरी में एक जनसभा में ममता बनर्जी ने दावा किया कि देश के 19 राज्य और केंद्र सरकार उनके खिलाफ एकजुट हो गए हैं, लेकिन वह अकेले ही आम लोगों के हक की लड़ाई लड़ रही हैं। ममता ने कहा कि उनकी लड़ाई किसी राजनीतिक दल से नहीं, बल्कि उन ताकतों से है जो जनता के अधिकारों को कमजोर करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि मैं अकेले लड़ रही हूं, लेकिन यह लड़ाई मेरे लिए नहीं, आम लोगों के लिए है।
दिल्ली की ताकत से बंगाल नहीं जीत सकते
ममता बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के पास देश के 19 राज्यों में सरकार है, लेकिन इसके बावजूद वे पश्चिम बंगाल में जीत हासिल नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि बाहरी ताकतों और दिल्ली से आने वाले संसाधनों के दम पर बंगाल की जनता को प्रभावित करना आसान नहीं है। दिल्ली से ताकत लाकर बंगाल को नहीं जीता जा सकता। यहां की जनता सब समझती है और अपना फैसला खुद लेती है।
फिर से सरकार बनाने का किया दावा
ममता बनर्जी ने दावा कि तृणमूल कांग्रेस इस बार विधानसभा चुनाव में 226 से ज्यादा सीटें जीतकर सत्ता में वापसी करेगी। ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात के जरिए युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है, लेकिन बंगाल के युवा जागरूक हैं और सच-झूठ में फर्क समझते हैं।


