नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज राज्यसभा में भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर के एक बयान पर जमकर भड़क गए। ठाकुर ने लोकसभा में वक्फ बिल पर चर्चा के दौरान कर्नाटक में हुए एक घोटाले में खड़गे का नाम लिया था। इस पर खड़गे ने कहा कि अगर ये आरोप साबित हो गए तो वो इस्तीफा देने के लिए दैयार हैं। उन्होंने कहा कि ठाकुर को इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।
गुरुवार को राज्यसभा में जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई खड़गे ने बोलने के लिए वक्त मांगा। खड़गे ने कहा कि अनुराग ठाकुर के आरोपों ने उनकी भावनाओं को आहत किया है। मेरा जीवन संघर्षों से भरा रहा है लेकिन मैंने हमेशा मूल्यों का ख्याल रखा है। कल लोकसभा में बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने मेरे खिलाफ बेबुनियादी आरोप लगाए। मेरे सहयोगी ने उनके अपमानजनक बयान को चुनौती दी कि वह मेरे खिलाफ दिए गए बयान को वापस लें, लेकिन नुकसान हो चुका है। मीडिया ने उस बयान को उठाया,सोशल मीडिया पर भी उनका बयान फैल चुका है। उनके बयान से मेरी छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर मैं अनुराग ठाकुर के बयान और उनके बेबुनियाद आरोपों की निंदा करता हूं। उम्मीद करता हूं कि वह अपने बयान के लिए माफी मांगेंगे। अनुराग ठाकुर अपने आरोपों को कभी साबित नहीं कर सकते हैं। अगर उन्होंने आरोप साबित कर दिए तो मैं इस्तीफा देने को तैयार हूं और अगर वह आरोप साबित नहीं कर पाए तो उन्हें सांसद के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। मैं मजदूर का बेटा हूं। मैं मजदूर नेता भी रहा हूं और कांग्रेस अध्यक्ष हूं।
आखिर अनुराग ठाकुर ने क्या कहा था
बुधवार को वक्फ संशोधन बिल पर लोकसभा में चर्चा के दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत को वक्फ के मुक्ति चाहिए, क्योंकि कांग्रेस के शासन में बने वक्फ कानून का मतलब था खाता न बही, जो वक्फ कहे वही सही। इसी दौरान अनुराग ठाकुर ने मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम का जिक्र किया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है। कर्नाटक के मंदिर में साढ़े चार सौ करोड़ रुपए साल का इकट्ठा करते हैं। कहां खर्च करते हैं कौन जवाब देता है उसका। एक–एक रुपये का हिसाब आपको देना चाहिए था। क्या किसी मस्जिद का पैसा आपने लिया? क्या किसी वक्फ बोर्ड का पैसा आपने लिया? ठाकुर ने कहा कि कर्नाटक में जो घोटाले हुए उसमें इनके राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम भी आता है।


