दिल्ली कॉन्सर्ट विवाद पर यो यो हनी सिंह की सफाई: ‘Gen Z को मैसेज देने की कोशिश थी’, सिंगर ने मांगी माफी
दिल्ली में आयोजित एक कॉन्सर्ट के दौरान आपत्तिजनक बयान देने को लेकर यो यो हनी सिंह को सोशल मीडिया पर जबरदस्त आलोचना का सामना करना पड़ा। बढ़ते विवाद के बाद अब सिंगर ने एक वीडियो जारी कर अपने बयान के पीछे की वजह बताई है और साथ ही माफी भी मांगी है।
सोशल मीडिया पर ट्रोल होने के बाद हनी सिंह ने वीडियो के जरिए सफाई देते हुए कहा कि वह उस शो में सिर्फ एक गेस्ट के तौर पर मौजूद थे। उन्होंने बताया कि कॉन्सर्ट से दो दिन पहले वह लंच पर एक गायनेकोलॉजिस्ट और सेक्सोलॉजिस्ट से मिले थे। इस बातचीत के दौरान उन्हें यह जानकारी मिली कि आज के समय में कई युवा यौन संचारित बीमारियों से जूझ रहे हैं।
हनी सिंह ने कहा,
“जब मैंने वहां Gen Z ऑडियंस को देखा, तो मेरी सोच थी कि मैं उन्हें उनकी ही भाषा में एक मैसेज दे जाऊं।”
उन्होंने आगे बताया कि उन्हें लगा कि अगर वह OTT और मौजूदा युवा भाषा में बात करेंगे, तो संदेश जल्दी और बेहतर तरीके से समझ में आएगा।
हालांकि, सिंगर ने यह भी स्वीकार किया कि उनका बयान गलत तरीके से लिया गया और इससे लोगों की भावनाएं आहत हुईं। इसी वजह से उन्होंने वीडियो और स्टेटमेंट के जरिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और कहा कि उनका मकसद किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था।


