रायबरेली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को रायबरेली में थे। वे वहां कई कार्यक्रमों में शामिल हुए और लोगों से मुलाकात की। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि आरएसएस, नरेंद्र मोदी अंबेडकर और संविधान व गांधी जी की सोच मिटाना चाहते हैं। आजादी से पहले जैसा हिंदुस्तान था, वैसा ही हिंदुस्तान आज भी है।
राहुल गांधी ने कहा कि किसानों की जमीनें छीनी जा रही है। आपके सारे हक छीने जा रहे हैं। योजनाएं छीनी जा रही हैं। योजना और उनका पैसा अडाणी व अंबानी को दिया जा रहा है। आपकी जमीन भी उनके हवाले की जा रही है। आप भुखमरी की ओर खड़े दिखाई दे रहे हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान की सरकार पूंजीपतियों की सरकार है। किसानों और मजदूरों की सरकार नहीं है। इस देश को अडाणी और अंबानी की सरकार से कोई फायदा नहीं होने वाला है। मनरेगा के मजदूर यहां आए हैं। आपको घबराना नहीं है। कांग्रेस पार्टी आपके साथ खड़ी है। हम केंद्र सरकार की योजना को सफल नहीं होने देंगे। राहुल गांधी ने कहा कि मनरेगा योजना को मिटाने की जो कोशिश हो रही है, उसके खिलाफ पूरे देश में पार्टी लड़ाई लड़ेगी।
मनरेगा बचाओ आंदोलन को किया संबोधित
उमरन गांव में आयोजित मनरेगा बचाओ संग्राम कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा हमारी तीन टर्म की सरकार में मनरेगा का जो कांसेप्ट था, उसमें पंचायतों को जिम्मेदारी देने की बात थी। उनको फाइनेंसियल रिस्पांसिबिलिटी दी जाए। उस दौरान दूसरा लक्ष्य था कि हिंदुस्तान के जो गरीब लोग हैं, उनके लिए मिनिमम वेज बने। जिससे कम कहीं भी किसी को वेज न मिले।
विकास कार्यों का किया लोकार्पण
राहुल गांधी ने सांसद निधि से कराए गए दो करोड़ 61 लाख रुपये के 31 कार्यों का लोकार्पण और 50.39 लाख रुपये के आठ कार्यों का शिलान्यास किया। राहुल गांधी ने आईटीआई कॉलोनी स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में आयोजित रायबरेली प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। नगर पालिकाध्यक्ष शत्रोहन सोनकर के आनंद नगर स्थित घर पहुंचकर दामाद ओम प्रकाश सोनकर, बेटी पूर्णिमा सोनकर को आशीर्वाद दिया। दोनों की हाल में ही शादी हुई है।


