पंजाब के तरनतारन में आप नेता मनदीप कौर की गोली मारकर हत्या, कांग्रेस के पूर्व सरपंच पर आरोप
पंजाब के तरनतारन जिले में आम आदमी पार्टी की नेता और पंच मनदीप कौर की कांग्रेस समर्थित पूर्व सरपंच द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का कारण राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता बताया जा रहा है। घटना के बाद आरोपी सरपंच साहिब सिंह फरार है, और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है। इलाके में तनाव का माहौल है।
घटना तरनतारन के गांव धगाणा की है, जहां पूर्व सरपंच साहिब सिंह ने अपनी पत्नी परमजीत कौर और दो बेटों सुखविंदर सिंह गोगी व लखविंदर सिंह बूरी के साथ मिलकर अपने घर के सामने रहने वाली आप नेता मनदीप कौर को गोली मार दी।
विवाद तेज आवाज में आपत्तिजनक गीत बजाने और अश्लील इशारे करने पर हुआ
आरोप है कि पूर्व सरपंच साहिब सिंह ने अपने बेटों को उकसाया, जिसके बाद सुखविंदर सिंह गोगी ने गोली चला दी।
घायल मनदीप कौर को पट्टी के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने साहिब सिंह, उनकी पत्नी परमजीत कौर, और बेटों सुखविंदर सिंह व लखविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।


