मणिपुर। मणिपुर के उखरुल जिले में सोमवार को उग्रवादियों ने सुरक्षा बलों के काफिले पर हमला कर दिया। इस हमले में असम राइफल्स के दो जवान बलिदान हो गए। कई अन्य घायल हो गए। घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे पहाड़ी जिले के नुंगशांग खोंग इलाके में हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बलिदान हुए दो जवानों में एक वारंट अधिकारी और एक चालक शामिल हैं। दोनों का मौके पर ही बलिदान हुआ। यह घटना नुंगशांग खोंग इलाके में हुई, जो जिला मुख्यालय से करीब 17 किलोमीटर दूर है। यह उखरुल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। उस समय काफिला 40वीं असम राइफल्स बटालियन मुख्यालय संगशाक लौट रहा था।
सुरक्षा बलों ने बढ़ाई चौकसी
बताया जाता है कि हमले के बाद इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। साथ ही केंद्रीय बलों और हथियारबंद उग्रवादियों के बीच पास के इलाके में मुठभेड़ भी हुई। घटनास्थल को घेर लिया गया है। जांच के लिए इंफाल से फॉरेंसिक टीम भेजी गई है।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जताया दुख
मणिपुर के राज्यपाल ने अजय कुमार भल्ला ने इस घटना पर दुख जताया है। राज्यपाल भवन से जारी बयान में कहा गया है, मणिपुर के राज्यपाल आज उखरुल में हुए हमले में असम राइफल्स के दो बहादुर जवानों की दुखद मौत से बहुत दुखी हैं। राज्यपाल हिंसा की इसे कायराना हरकत की निंदा करते हैं. हमारे समाज में ऐसे हमलों को लिए कोई जगह नहीं है। मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने असम राइफल्स के दो जवानों की हत्या की कड़ी निंदा की। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी हिंसा को बर्दाश्त नहीं करेगी।



