रक्षा मंत्रालय में रिश्वतखोरी का बड़ा खुलासा: लेफ्टिनेंट कर्नल गिरफ्तार, घर से 2.23 करोड़ नकद बरामद
केंद्रीय जांच ब्यूरो ने रक्षा मंत्रालय के तहत आने वाले डिफेंस प्रोडक्शन डिपार्टमेंट में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा और एक अन्य व्यक्ति को रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शनिवार को की गई।
सीबीआई के मुताबिक, लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा पर बेंगलुरु की एक कंपनी से तीन लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। जांच के दौरान उनके दिल्ली स्थित आवास पर छापेमारी की गई, जहां से 2.23 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए।
जांच एजेंसी ने इस मामले में लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा और उनकी पत्नी कर्नल काजल बाली के खिलाफ भी केस दर्ज किया है। दीपक कुमार शर्मा रक्षा मंत्रालय के डिफेंस प्रोडक्शन डिपार्टमेंट में डिप्टी प्लानिंग ऑफिसर के पद पर तैनात हैं।
वहीं उनकी पत्नी कर्नल काजल बाली राजस्थान के श्रीगंगानगर में स्थित 16 इन्फेंट्री डिवीजन ऑर्डनेंस यूनिट में कमांडिंग ऑफिसर के रूप में कार्यरत हैं।


