मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना और राजस्थान के धौलपुर के बीच हेतमपुर स्टेशन के पास रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में एक यात्री का मोबाइल फटने के बाद आग लगने की अफवाह फैल गई। इसके बाद लोग ट्रेन से कूदने लगे और सामने से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हादसे में 6 यात्रियों की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग की अफवाह के बाद किसी ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। घबराए यात्री जान बचाने के लिए ट्रेन से नीचे उतरने और कूदने लगे। इसी दौरान कुछ यात्री दूसरी रेलवे लाइन पर पहुंच गए। उसी समय आगरा की ओर से मुरैना जा रही पातालकोट एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी। इसकी चपेट में आने से 6 लोगों की मौत हो गई।
👉 यह भी पढ़ें:
- Vande Bharat Express में अचानक आई बड़ी तकनीकी खराबी! 4 घंटे तक ट्रैक पर रुकी रही ट्रेन, यात्रियों में बढ़ी बेचैनी
- Delhi Fire Tragedy: आधी रात 5 मंजिला इमारत बनी मौत का जाल, धुएं में घुटी 3 लोगों की सांसें; कई जिंदगी मौत से जूझ रही
- सासाराम रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में लगी आग, समय रहते बड़ा हादसा टला
- जकार्ता के पास भीषण रेल हादसा: 14 मौतें, कई यात्री मलबे में फंसे
- द बर्निंग ट्रेन: चारमीनार एक्सप्रेस के कोच में मचा हड़कंप, यात्रियों में दहशत
- डोंबिवली स्टेशन पर बड़ा रेल हादसा टला: कोच पटरी से उतरा, सेंट्रल लाइन सेवाएं प्रभावित
ट्रेन सेक्शन में रुक गई थी
रेलवे के अनुसार रविवार शाम 4:15 बजे उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के हेतमपुर-धौलपुर रेलखंड पर गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच (इंजन से दूसरा कोच) में किसी यात्री द्वारा अलार्म चेन पुलिंग किए जाने के कारण ट्रेन सेक्शन में रुक गई थी। ट्रेन रुकने के दौरान कुछ यात्री नीचे उतरकर समीपवर्ती रेलवे लाइन पर चले गए। इसी दौरान अप दिशा से आ रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से यात्रियों के हताहत होने की सूचना मिली।
रेलवे ने शुरू कर दी जांच
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) तथा स्थानीय प्रशासन के अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। रेलवे प्रशासन ने बताया है कि घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
रेलवे सूत्रों के अनुसार इस घटना में कई लोग घायल हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।



