नई दिल्ली। एक फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट का पिटारा खोला भी नहीं था कि कर्मशियल एलपीजी सिलेंडर के महंगे होने की खबर आ गई। सरकार ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम 50 रुपये बढ़ा दिए हैं। हालांकि 14 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
रसोई गैस महंगी होने के बाद दिल्ली में अब 19 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1740.50 रुपये हो गई है। कोलकाता में इसकी कीमत बढ़कर 1844.50 रुपये हो गई है। मुंबई में यह अब 1692.00 रुपये में मिलेगा, जो पहले 1642.50 रुपये था। चेन्नई में इसकी कीमत अब 1899.50 रुपये हो गई है। सरकार ने साफ किया है कि 50 रुपये की यह बढ़ोतरी कमर्शियल सिलेंडर पर की गई है, जिनका इस्तेमाल होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और अन्य व्यावसायिक कामों में होता है। घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें आखिरी बार 8 अप्रैल 2025 को बदलाव हुआ था। उल्लेखनीय है कि पेट्रोलियम मार्केटिंग से जुड़ी सरकारी कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडरों के दामों की समीक्षा करती हैं। इससे पहले जनवरी में 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी।


