पाकिस्तान के खिलाफ वैश्विक अभियान: भारत भेजेगा सर्वदलीय सांसद प्रतिनिधिमंडल,
भारत ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ा कूटनीतिक अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इस अभियान के तहत करीब 40 सांसदों की एक सर्वदलीय टीम को सात समूहों में विभाजित कर दुनियाभर के प्रमुख देशों की यात्रा पर भेजा जाएगा। इसका नेतृत्व कांग्रेस सांसद शशि थरूर कर सकते हैं

इस अभियान का उद्देश्य है कि पाकिस्तान द्वारा आतंकवाद को दिए जा रहे समर्थन की सच्चाई अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने लाना है। इसके तहत हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर और भारत की सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ जारी लड़ाई से जुड़ी जानकारी भी साझा की जाएगी।
सांसदों की यात्रा 23 मई से होगी शुरू
सूत्रों के अनुसार, यह अभियान 23 मई से शुरू होकर 10 दिनों तक चलेगा। सात अलग-अलग प्रतिनिधिमंडल अमेरिका, ब्रिटेन, यूएई, जापान, दक्षिण अफ्रीका जैसे प्रमुख देशों का दौरा करेंगे। विशेष रूप से ये टीमें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों और भारत के रणनीतिक साझेदारों से संवाद करेंगी।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाले प्रमुख सांसद:
- शशि थरूर (कांग्रेस)
- रविशंकर प्रसाद (भाजपा)
- संजय कुमार झा (जेडीयू)
- बैजयंत पांडा (भाजपा)
- कनिमोझी करुणानिधि (डीएमके)
- सुप्रिया सुले (एनसीपी)
- श्रीकांत एकनाथ शिंदे (शिवसेना)
यह पहली बार है जब केंद्र सरकार कई दलों के सांसदों को एक साथ विदेश भेज रही है ताकि भारत की आतंकवाद विरोधी नीति को वैश्विक मंच पर मजबूती से रखा जा सके।
मंत्रालयों और एजेंसियों की सामूहिक तैयारी
इस अभियान का समन्वय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू कर रहे हैं। इसके अलावा विदेश मंत्रालय (MEA), गृह मंत्रालय (MHA) और अन्य संबंधित एजेंसियां मिलकर ऐसे दस्तावेज तैयार कर रही हैं जिनमें पाकिस्तान के आतंकवाद को समर्थन देने के ठोस प्रमाण होंगे।
हर सांसद समूह के साथ विदेश मंत्रालय का एक वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होगा, जो अभियान को रणनीतिक दृष्टि से सफल बनाने में मदद करेगा।


