रविवार सुबह डोडा, जम्मू-कश्मीर में भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, यह भूकंप सुबह 4 बजकर 32 मिनट पर आया और इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.6 दर्ज की गई। राहत की बात यह है कि अब तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
इससे एक दिन पहले शनिवार को हिंगोली, महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इसकी तीव्रता 4.7 मापी गई, जिसके असर नांदेड और परभणी के कुछ हिस्सों में भी देखे गए।
अधिकारियों के मुताबिक, इस भूकंप से किसी बड़े जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन पांगरा शिंदे गांव में कुछ घरों और सामुदायिक भवनों में दरारें आने की सूचना मिली है।
प्रशासन के मुताबिक यह भूकंप सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र वसमत तालुका के शिरली गांव के पास जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
लगातार दो दिनों में अलग-अलग राज्यों में आए भूकंप के झटकों ने लोगों में दहशत जरूर पैदा की है, हालांकि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।


