नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर सोमवार को कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया। पिछले तीन-चार दिनों से जारी आंदोलन ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए।
फेज-2 इलाके में प्रदर्शनकारियों ने गाड़ियों में आग लगा दी और पुलिस पर पथराव किया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। कर्मचारियों का गुस्सा इस कदर बढ़ गया कि उन्होंने कई प्रमुख सड़कों पर जाम लगा दिया और यातायात पूरी तरह ठप कर दिया।
प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर लगातार सड़कों पर हैं। उनकी मुख्य मांगों में न्यूनतम वेतन 13 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये करना, ओवरटाइम का भुगतान और छुट्टियों के लिए अलग प्रावधान शामिल हैं। सोमवार को कई जगह कर्मचारियों ने सड़कों पर लेटकर यातायात रोका और जोरदार नारेबाजी की।
कुलेसरा से फेज-2 तक कर्मचारियों ने मार्च निकाला और बड़ी संख्या में एकत्र हुए। सेक्टर 60 में भी प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर हंगामा किया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जो स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा है।
इस प्रदर्शन के कारण नोएडा के कई इलाकों में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और खासकर दफ्तर जाने वाले लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाए ।


