बंगाल को ‘वेस्ट पाकिस्तान’ बनाने की साजिश” — मिथुन चक्रवर्ती का ममता सरकार पर तीखा हमला
पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता और फिल्म अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बंगाल में हालात जानबूझकर ऐसे बनाए जा रहे हैं, जो फिल्म द कश्मीर फाइल्स में दिखाए गए घटनाक्रम से मिलते-जुलते हैं। मिथुन ने दावा किया कि एक साजिश के तहत पश्चिम बंगाल को “वेस्ट पाकिस्तान” में बदलने की कोशिश हो रही है।

मिथुन चक्रवर्ती ने कहा, “क्या आपने द कश्मीर फाइल्स देखी है? क्या आपने देखा कि कश्मीरी पंडितों को कैसे वहां से खदेड़ा गया? आज बंगाल में भी वैसी ही स्थिति पैदा की जा रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में डर और असुरक्षा का माहौल बनाया जा रहा है, जिससे खास वर्ग को निशाना बनाया जा सके।
उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि वे आयुष्मान भारत योजना को इसलिए लागू नहीं होने दे रहीं, क्योंकि इससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम जुड़ेगा। मिथुन ने कहा कि देशभर में लोग इस योजना से लाभ उठा रहे हैं, लेकिन बंगाल को इससे वंचित रखा गया है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में न तो नौकरियां हैं, न उद्योग, न ही विकास—हर तरफ सिर्फ भ्रष्टाचार फैला हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में बांग्लादेश जैसे हालात बनाने की कोशिशें की जा रही हैं।
हाल ही में दीपू दास मामले के विरोध में हुए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने बेरहमी से लाठीचार्ज किया और 18 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने सवाल उठाया, “क्या अब हम किसी घटना के खिलाफ शांतिपूर्वक विरोध भी नहीं कर सकते? बांग्लादेश में घटना होती है और यहां बंगाल में हिंदुओं पर हमला किया जाता है—यह कैसा न्याय है?”
मिथुन ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध की आवाज दबाना बेहद खतरनाक संकेत है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हालात ऐसे ही बने रहे, तो इसका असर सिर्फ बंगाल तक सीमित नहीं रहेगा।


