पटना। बिहार के पातेपुर में शनिवार को हुई राजद नेता तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार यात्रा के दौरान एक बार फिर से पीएम नरेंद्र मोदी की मां को अपशब्द कहे गए। ऐसा राहुल गांधी कि वोटर अधिकार यात्रा के दौरान भी हो चुका है। तेजस्वी की सभा के बाद बिहार की सियासत गरम हो गई है। भाजपा सहित अन्य दलों ने जहां इस पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है, वहीं तेजस्वी के भाई तेजप्रताप यादव ने कहा कि उसे गिरफ्तार करो।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि कल तेजस्वी यादव की रैली में जो घटना हुई, उसे बिहार की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। भीड़ में कुछ लोगों ने देश के प्रधानमंत्री और दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। यह तेजस्वी यादव की अपनी हार से बौखलाहट का संकेत है। एफआईआर दर्ज है और पुलिस अपने स्तर पर कार्रवाई करेगी। जनता के न्याय की उम्मीद जरूर पूरी होगी।
जदयू ने भी की आलोचना
जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि अब जब तेजस्वी यादव और राहुल गांधी खुद अपने कार्यकर्ताओं को भड़का रहे हैं, तो उनसे अनुशासन की उम्मीद करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि बातचीत का स्तर लगातार गिर रहा है। तेजस्वी यादव और उनके समर्थकों में हताशा और घबराहट स्पष्ट रूप से नजर आ रही है। तेजस्वी को अपने कार्यकर्ताओं के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
तेजप्रताप बोले-ऐसा करने वाले को जेल भेजो
तेजस्वी यादव के भाई तेज प्रताप यादव ने रविवार को कहा कि हमने पहले भी कहा है और अभी भी कह रहे हैं, किसी की भी मां तो मां होती है। अपनी संतान को पैदा करती है, पहले मां नौ महीने कोख में रखती है। जिन लोगों ने उंगली उठाने का काम किया और गाली देने का काम किया उनके ऊपर एफआईआर होनी चाहिए। उनको जेल भेजना चाहिए।


