नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 2024-25 सीजन के लिए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान किया है। रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा को एक बार फिर ए प्लस कैटेगरी में रखा गया है। इस लिस्ट के चौथे खिलाड़ी हैं जसप्रीत बुमराह। इस कॉन्ट्रैक्ट में कुल 34 खिलाड़ी शामिल किए गए हैं, जिसमें श्रेयस अय्यर और ईशान किशन की भी वापसी हुई है। इन दोनों को पिछले सीजन में लिस्ट से बाहर कर दिया गया था। लिस्ट में नीतीश कुमार रेड्डी और आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार के अलावा वरुण चक्रवर्ती का नाम भी शामिल है।
शार्दुल ठाकुर, रविचंद्रन अश्विन, जीतेश शर्मा, केएस भरत और आवेश खान को इस लिस्ट में शामिल नहीं किया गया है। सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल ए प्लस वाले प्लेयर्स को 7 करोड़, ए कैटेगरी वाले को 5 करोड़, बी कैटेगरी वाले को 3 करोड़ और सी कैटेगरी वाले को एक करोड़ रुपये मिलते हैं। चार खिलाड़ियों को ए+ ग्रेड में रखा गया है। वहीं, छह खिलाड़ियों को ए ग्रेड में रखा गया है। पांच खिलाड़ी बी ग्रेड और 19 खिलाड़ी सी ग्रेड में हैं। नीतीश रेड्डी, हर्षित राणा, अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती को पहली बार बीसीसीआई के केंद्रीय अनुबंध में जगह मिली है। इन सभी को ग्रेड–सी में रखा गया है। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को फायदा हुआ है। वह ग्रेड–बी से ग्रेड– ए में प्रमोट किए गए हैं।
👉 यह भी पढ़ें:
- T20 की कप्तानी से सूर्यकुमार यादव की होगी छुट्टी, श्रेयस अय्यर पर है बीसीसीआई की नजर
- बीसीसीआई ने अजीत अगरकर पर फिर जताया भरोसा, जून 2027 तक बने रहेंगे मुख्य चयनकर्ता
- BCCI का बड़ा फैसला: कोहली–रोहित डिमोट, गिल-बुमराह बने ग्रेड A के चेहरे
- रायपुर में रन-तूफान: ईशान–सूर्या की धमाकेदार पारियों से भारत ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से रौंदा, सीरीज में 2-0 की बढ़त
ईशान–श्रेयस पिछले साल हो गए थे बाहर
ईशान और श्रेयस को बीसीसीआई से अनबन के बाद 2023-24 के केंद्रीय अनुबंध की सूची से बाहर होना पड़ा था। बीसीसीआई के कहने के बावजूद ईशान और श्रेयस ने घरेलू टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया था। इस बार ईशान को ग्रेड–सी और श्रेयस को ग्रेड–बी में रखा गया है। ताजा अनुबंध एक अक्तूबर 2024 से लेकर 30 सितंबर 2025 तक के लिए है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद अश्विन को इस सूची से बाहर कर दिया गया है।


