छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सोमवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस कार्रवाई में 5 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली कमांडर रूपी को मार गिराया गया है।
पुलिस के अनुसार, मारी गई नक्सली की पहचान माओवादी संगठन की एरिया कमांडर रूपी के रूप में हुई है, जो प्रतापपुर क्षेत्र समिति की सक्रिय सदस्य थी और लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की तलाश में थी।
यह मुठभेड़ छोटे बेठिया थाना क्षेत्र के घने जंगलों में उस समय हुई, जब सुरक्षाकर्मियों की टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली हुई थी। इसी दौरान नक्सलियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से महिला नक्सली का शव और एक हथियार बरामद किया गया है। फिलहाल इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी है, ताकि अन्य नक्सलियों की मौजूदगी की भी जांच की जा सके।
गौरतलब है कि यह मुठभेड़ 31 मार्च को सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ को सशस्त्र माओवादियों से मुक्त घोषित किए जाने के महज 12 दिन बाद हुई है, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि सुरक्षा बल अभी भी पूरी सतर्कता के साथ अभियान चला रहे हैं और छत्तीसगढ़ अभी भी पूरी तरह माओवादियों से मुक्त नहीं हुआ है


