छत्तीसगढ़: सुकमा में माओवादी IED विस्फोट में एडिशनल एसपी आकाश राव गिरीपुंजे गंभीर रूप से घायल
छत्तीसगढ़ के सुकमा ज़िले में माओवादियों द्वारा किए गए एक प्रेशर IED विस्फोट में कोन्टा डिवीजन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आकाश राव गिरीपुंजे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।बस्तर पुलिस ने जानकारी दी कि एएसपी आकाश राव 10 जून को माओवादी संगठन भाकपा (माओवादी) द्वारा बुलाए गए भारत बंद के मद्देनज़र क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पैदल गश्त पर निकले थे। इसी दौरान कोन्टा-एर्राबोरा मार्ग पर डोंड्रा के पास यह विस्फोट हुआ।

इस विस्फोट में एएसपी समेत अन्य अधिकारी और जवान भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत कोन्टा अस्पताल ले जाया गया, जहां एएसपी की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य अधिकारी फ़िलहाल ख़तरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
दिसंबर 2023 से बस्तर क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने माओवादियों के ख़िलाफ़ अभियान तेज़ कर दिया था। गृहमंत्री अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक माओवादियों को पूरी तरह समाप्त करने का दावा किया है। इस दौरान सुरक्षाबलों ने 400 से अधिक माओवादियों को मार गिराने का दावा किया है।
बीते एक महीने में माओवादी शीर्ष नेता नंबाल्ला केशव राव उर्फ़ बसवराजू समेत दो दर्जन से अधिक माओवादी मारे गए हैं। इसी के विरोध में माओवादियों ने 10 जून को भारत बंद का ऐलान किया था।
बस्तर पुलिस के अनुसार, बंद के मद्देनजर ही एडिशनल एसपी गश्त पर निकले थे, जब यह हमला हुआ।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और सर्च ऑपरेशन जारी है।


