चक्रवाती तूफ़ान ‘मोंथा’ ने आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में मचाई तबाही, अब कमजोर पड़ा
चक्रवाती तूफ़ान ‘मोंथा’ ने मंगलवार की रात आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम और कालींगपट्टनम के बीच, दक्षिण में काकीनाडा को पार किया। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार अब यह तूफ़ान थोड़ा कमज़ोर पड़ गया है।
यह भीषण चक्रवाती तूफ़ान मंगलवार शाम सात बजे काकीनाडा के पास जमीन से टकराया था और राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश लेकर आया। सोमवार को उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश में तबाही मचाने के बाद, इसकी बारिश की गतिविधि दक्षिण तटीय ज़िलों की ओर बढ़ गई थी।
गंभीर चक्रवाती तूफ़ान ‘मोंथा’ मंगलवार रात से बुधवार सुबह के बीच आंध्र प्रदेश के मध्य तट से टकराया। इस दौरान हवाओं की रफ़्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि झोंके 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचे।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बुधवार सुबह बताया कि तट से टकराने के बाद ‘मोंथा’ कमजोर पड़ गया है, लेकिन इसके कारण कई तटीय ज़िलों में भारी बारिश और तेज़ हवाएं दर्ज की गईं।


