कतर ने रोका पाकिस्तानी ऑपरेशन: इसहाक डार का बड़ा दावा, “हम अफग़ानिस्तान में कार्रवाई करने वाले थे”
पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक डार ने दावा किया है कि पाकिस्तान अफग़ानिस्तान के भीतर सैन्य कार्रवाई करने ही वाला था, लेकिन कतर के दखल के बाद उसे आख़िरी पल में रोक दिया गया। यह बयान उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में दिया।
👉 यह भी पढ़ें:
- ईरान-अमेरिका समझौते की राह आसान: इशाक डार बोले—बस कुछ मुद्दे बाकी, जल्द बन सकती है सहमति
- पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इशाक डार ने खुद ही स्वीकारा-भारत ने नहीं माना था मध्यस्थता प्रस्ताव
- वॉशिंगटन में पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इसहाक़ डार की अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाक़ात, भारत-पाक संघर्ष पर हुई चर्चा
- पाकिस्तानी विदेश मंत्री इशाक डार ने सीनेट में दिखाई फर्जी तस्वीर, डॉन अखबार ने किया भंडाफोड़

डार ने कहा, अफ़ग़ान तालिबान को अपनी नीति पर दोबारा विचार करना होगा क्योंकि अब वे सरकार में हैं। हम उनसे कुछ नहीं मांगते, लेकिन उनकी सरकार आने के बाद हमारे 4,000 से ज़्यादा अधिकारी और सैनिक मारे गए हैं और 20,000 से अधिक घायल हुए हैं। ऐसे में हम कैसे चुप रह सकते हैं?”
डार के अनुसार, पाकिस्तान जिस कथित ऑपरेशन की तैयारी में था, उसका पता कतर के विदेश मंत्रालय को चल गया। उन्होंने बताया, “कतर ने हमसे संपर्क कर मध्यस्थता की पेशकश की और समाधान का रास्ता खोजने का अनुरोध किया। उसी रात शुरू होने वाला ऑपरेशन रोक दिया गया।
उन्होंने कहा, अल्लाह ने पाकिस्तान को शक्ति दी है। हम कार्रवाई कर सकते हैं, लेकिन यह भी ठीक नहीं कि अपने भाई के घर जाकर उसे मार दें।
इसहाक डार ने बताया कि कतर लगातार पाकिस्तान से संपर्क में था: वे हर घंटे हमसे बात कर रहे थे। उन्हें पता था कि हम कार्रवाई की ओर बढ़ रहे हैं। फिर उनका संदेश आया और हमने ऑपरेशन रोक दिया, लेकिन इस मध्यस्थता से कोई नतीजा नहीं निकला।
हाल के महीनों में पाकिस्तान–अफ़ग़ानिस्तान संबंधों में तनाव बढ़ा है। आत्मघाती हमलों और सीमा पार हमलों की घटनाओं ने इस्लामाबाद की सुरक्षा चिंताओं को और गहरा कर दिया है।


