जबलपुर में 8.68 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले का खुलासा हुआ है, जिसमें फर्जी बिलिंग के जरिए अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) प्राप्त किया गया। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) जबलपुर इकाई ने इस मामले में आठ अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं।
आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ने 8 फर्मों के खिलाफ दर्ज की एफआईआर
ईओडब्ल्यू के अनुसार, मार्च 2022 से दिसंबर 2025 के बीच जबलपुर की आठ मेडिकल और व्यावसायिक फर्मों के अकाउंटिंग डेटा में हेराफेरी कर 8,68,30,286 रुपये का अवैध आईटीसी घोटाला किया गया। महादेव फार्मा और एसटी ड्रग हाउस सहित अन्य फर्मों के संचालकों की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई।
👉 यह भी पढ़ें:
- उज्जैन में 1221 किसानों के नाम पर 4.67 करोड़ का फर्जी KCC लोन घोटाला
- जबलपुर ATS ने 3 संदिग्ध अफगानियों को पकड़ा, फर्जी पासपोर्ट केस में रिमांड पर लिया
- जबलपुर रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म 1 पर लगी आग, पार्सल बोगी भी प्रभावित
- बरगी बांध की नहर टूटने से जबलपुर के मंगेली क्षेत्र में बाढ़ का कहर
- जबलपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में मशीन की चपेट में आने से कर्मचारी घायल
- धनतेरस पर जबलपुर में लुटेरों ने तलवार से ज्वेलर्स से लाखों का सोना लूटा

फर्जी बिलिंग से अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट का खेल
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्म संचालकों का विश्वास जीतकर उनके कंप्यूटरों में स्क्रीन शेयरिंग सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करवाया। इसके जरिए एमएआरजी अकाउंटिंग सॉफ्टवेयर का डेटा चुराया गया। जीएसटी रिटर्न भरने के नाम पर मोबाइल पर आने वाले ओटीपी भी ले लिए गए।
इसके बाद बिना किसी वास्तविक माल की खरीद-बिक्री के फर्जी जीएसटी इनवॉइस तैयार किए गए। इन फर्जी बिलों के आधार पर पीड़ित फर्मों के आईटीसी और टर्नओवर को आरोपियों तथा उनके परिजनों की फर्मों में ट्रांसफर कर दिया गया।
महादेव फार्मा और एसटी ड्रग हाउस के संचालकों की शिकायत पर जांच
मामले में महादेव फार्मा के प्रोपराइटर दीपांशु दीक्षित और एसटी ड्रग हाउस के संचालक मोहन अंबवानी सहित आठ कारोबारियों ने शिकायत दर्ज कराई थी। ईओडब्ल्यू के उप पुलिस अधीक्षक स्वर्णजीत सिंह धामी ने जांच की। स्टेट टैक्स (जीएसटी) विभाग जबलपुर की रिपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका पुख्ता हुई।
आरोपियों की पहचान और कानूनी कार्रवाई
ईओडब्ल्यू ने यूनिक ट्रेड एंड कंपनी के आशीष कोटवानी, निखिल इंटरप्राइजेज के निखिल कोटवानी, मधुश्री मेटल के अशोक कोटवानी, महाकाल मेटल की जसमीत कोटवानी और अकाउंटेंट योगेश साहू को आरोपी बनाया है। इन सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि जिन फर्मों में आईटीसी ट्रांसफर किया गया, उनमें आरोपियों के परिजन भी शामिल हैं। फिलहाल ईओडब्ल्यू मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।
जीएसटी विभाग की रिपोर्ट के बाद तेज हुई कार्रवाई
ईओडब्ल्यू को स्टेट टैक्स (जीएसटी) विभाग जबलपुर से मिली जांच रिपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेजों के आधार पर यह फर्जीवाड़ा प्रमाणित हुआ। विभागीय पुष्टि के बाद आठ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।
अब ईओडब्ल्यू यह पता लगा रही है कि फर्जी बिलिंग और अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट के इस नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं तथा कितनी फर्मों को फायदा पहुंचाया गया है।



