सूरत जिले के बारडोली तालुका में 21 नवंबर 2026 को उकाई लेफ्ट बैंक नहर के पास महाराष्ट्र के जलगांव जिले के एक ही परिवार के छह लोगों को नहर में फेंकने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस नहर हादसे में पति-पत्नी और उनकी 9 साल की बेटी की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे अब भी लापता हैं। पुलिस के मुताबिक घटना की जानकारी परिवार के 13 वर्षीय बेटे ने दी, जो तैरकर किसी तरह बाहर निकल आया।
सूरत नहर हादसे में पति-पत्नी और बेटी की मौत
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान नितिन पाटिल, उनकी पत्नी कविता पाटिल और 9 वर्षीया बेटी के रूप में हुई है। तीनों के शव महुवा तालुका के डूंगरी गांव के पास नहर से बरामद किए गए। परिवार महाराष्ट्र के जलगांव जिले के एरंडोल क्षेत्र का रहने वाला था और सूरत किसी काम से कार से जा रहा था।
👉 यह भी पढ़ें:
- पुणे कोर्ट के बाहर फायरिंग, 4-5 हमलावरों ने शख्स पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई
- गोधरा ट्रेन कांड के दोषी की उम्रकैद की सजा निलंबित, सुप्रीम कोर्ट फैसला
- सूरत के अस्पताल में भीषण आग, भर्ती मरीजों में मची दहशत
- भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी का धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या
- 10 महीने पहले हुई लव मैरिज, प्रयागराज में दरोगा की पत्नी की मौत
- गुजरात हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट पर

13 वर्षीय बेटे की सूझबूझ से सामने आया सूरत नहर हादसा
परिवार का 13 वर्षीय बेटा नहर में एक पाइप पकड़कर किसी तरह बाहर निकल आया। वह नहर से निकलने के बाद पास के एक होटल पहुंचा और वहां मौजूद लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद 21 नवंबर को आपातकालीन नंबर 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
दो बच्चे अब भी लापता, एनडीआरएफ और पुलिस की तलाश जारी
परिवार के दो अन्य बच्चे, जिनमें 16 वर्षीय बेटा और 2 वर्षीय मासूम शामिल हैं, अब भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें नहर में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। पुलिस अधीक्षक (सूरत ग्रामीण) राजेश गढ़िया ने बताया कि लापता बच्चों की तलाश के लिए कुल 8 टीमें बनाई गई हैं, जिसमें लोकल क्राइम ब्रांच, स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप और तकनीकी टीमें भी शामिल हैं।

सूरत नहर हादसे में चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
जांच के मुताबिक, रास्ते में परिवार की कार का पीछा करते हुए चार बदमाशों ने उवा-सेजवाल गांव के पास उनकी गाड़ी रोकी। आरोपियों ने सभी छह सदस्यों को जबरन अलग-अलग गाड़ियों में बैठाया और उकाई नहर के किनारे ले जाकर सभी को नहर में फेंक दिया। बारडोली रूरल पुलिस स्टेशन में खंडियो, आभो, बंटी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस जांच में जुटी, घटना के कारणों की पड़ताल जारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी परिवार के परिचित थे। घटना के पीछे की वजहों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। मृतकों के रिश्तेदारों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।



