उज्जैन। उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर परिसर में सोमवार को नागचंद्रेश्वर मंदिर के पास अचानक भगदड़ जैसे हालात बन गए। बताया जा रहा है कि परिसर में करंट फैलने की अफवाह के बाद श्रद्धालुओं में डर का माहौल बन गया। इसके बाद भारी भीड़ में लोग इधर-उधर भागने लगे और एक-दूसरे को धक्का देने लगे। बताया जाता है कि इममें करीब 13 श्रद्धालु घायल हुए हैं।
घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें महाकाल परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखाई दे रही है। परिसर पूरी तरह भरा हुआ था और बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए कतार में खड़े थे। अफवाह के बाद भगदड़ जैसे हालात बने और कई श्रद्धालु भीड़ के दबाव में गिर गए।
👉 यह भी पढ़ें:
करंट फैलने की अफवाह से अफरातफरी
महाकाल मंदिर के ऊपरी तल पर स्थित श्रीनागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए लगी कतार में सोमवार को हरसिद्धि मंदिर चौराहे के समीप अफरा-तफरी मच गई। बैरिकेडिंग के अंदर डीपी के समीप करंट फैलने की अफवाह के बाद दर्शन के लिए कतार में खड़े लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कुछ श्रद्धालु घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घायलों में कई दूसरे राज्य के
बताया जाता है कि इस घटना में करीब 13 लोग घायल हुए हैं। इनमें गुजरात, बिहार और ग्वालियर सहित विभिन्न स्थानों से आए श्रद्धालु भी शामिल हैं। नागचंद्रेश्वर मंदिर और हरसिद्धि मंदिर आसपास होने के कारण दर्शन व्यवस्था के इसी मार्ग पर भीड़ का दबाव था। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और कुछ समय बाद दर्शन व्यवस्था सुचारू कर दी।
दोपहर तक लाखों श्रद्धालु कर चुके दर्शन
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब एक बजे तक 5.50 लाख श्रद्धालु नागचंद्रेश्वर के दर्शन कर चुके हैं। भगवान नागचंद्रेश्वर का मंदिर महाकाल मंदिर के तीसरे तल पर स्थित है। नागपंचमी के अलावा पूरे वर्ष यहां श्रद्धालुओं के लिए पट बंद रहते हैं। इसी कारण नागपंचमी पर होने वाले दर्शन के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं। इस बार नागपंचमी और सावन के तीसरे सोमवार के एक ही दिन होने से भीड़ बढ़ गई।



