इंदौर। सरकारी जमीन रेवती रेंज पर एक और पितृ पर्वत बसा रहे मध्यप्रदेश के काबिना मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पीएम नरेंद्र मोदी को खुश करने के लिए पौधों से उनकी तस्वीर बनवाई है। इसकी जबरदस्त चर्चा हो रही है, क्योंकि इसे देखकर शायद मोदीजी भी सिर पीट लें।
दरअसल सारे नियम-कायदों को ताक पर रखकर रेवती रेंज पर किए जा रहे पौधारोपण को लेकर विजयवर्गीय हर तरफ से सुर्खियां बटोरने में लगे हैं। सारे सरकारी विभाग भी सबकुछ देखते हुए भी चुप हैं। कोई इस अभियान को गलत न ठहरा दे, इसके लिए विजयवर्गीय भाजपा के अधिकांश बड़े नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों को रेवती रेंज बुलाते रहते हैं।
पीएम की तस्वीर देख हंस रहे हैं लोग
विजयवर्गीय को पता है कि उनके इस अभियान की पार्टी में ही जमकर आलोचना हो रही है। इस कारण वे इस कोशिश में लगे हैं कि किसी भी तरह भाजपा आलाकमान को खुश किया जाए। इसी के तहत विजयवर्गीय ने पौधों से पीएम मोदी की तस्वीर बनाने का प्लान किया। तस्वीर बन भी गई, लेकिन जब उसे लोगों ने देखा तो आलोचना होने लगी। वह तस्वीर कहीं से कहीं तक मोदीजी के चेहरे से मेल नहीं खा रही। इसे देख हंस रहे हैं और कहा तो यह भी जा रहा है कि मोदीजी के पास अगर यह तस्वीर पहुंच जाए तो वे भी सिर पकड़ लेंगे।
पौधों की संख्या पर भी उठ रहे सवाल
रेवती रेंज में लगाए गए पौधों की संख्या और रिकॉर्ड को लेकर भी कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। 2024 में रेवती रेंज में एक दिन में करीब 11 लाख पौधे लगाने का विश्व रिकॉर्ड बनाया गया था। बाद में इसे लगभग 12.40 लाख पौधों तक बताया गया। सवाल यह था कि रिकॉर्ड बनाने के बाद इन पौधों की जीवित रहने की दर क्या है। अगस्त 2026 की ताजा रिपोर्ट में 13.10 लाख जीवित पेड़ों का आंकड़ा और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स का प्रमाणन सामने आया है, इसलिए शुरुआती संदेहों को पूरी तरह वर्तमान स्थिति का निष्कर्ष मानना ठीक नहीं होगा।
पत्नी के नाम पर तैयार कर लिया शेड
रेवती रेंज में तैयार किए गए शेड को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। इस सरकारी जमीन पर किसी तरह का निर्माण प्रतिबंधित होने के बावजद यहां बड़ा सा शेड बना लिया गया है। मंत्रीजी की पत्नी आशा विजयवर्गीय के जन्मदिन के दिन इसका उद्घाटन भी कर दिया गया। आशा नाम के इस शेड में अब मंत्रीजी के कार्यकर्ता डेरा डाले बैठे रहते हैं।



