नई दिल्ली। इंडिया गठबंधन के दलों की बैठक सोमवार को दिल्ली में स्थित संविधान क्लब में हुई। कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया ब्लॉक के 24 दल इस बैठक में शामिल हुए। बैठक के खत्म होने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि इस बैठक में सभी दलों ने पांच मुद्दों पर एक सहमति बनाई है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने शिक्षा मंत्री से मांगा इस्तीफा
बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमने पांच बिंदुओं पर अपनी सहमति जताई है और हम इन पर पूरी तरह डटकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि हम वोट की लूट के मुद्दे पर देश के प्रधान न्यायाधीश (CJI) को चिट्ठी भी लिखेंगे। इसके साथ ही उन्होंने नीट और सीबीएसई परीक्षा में गड़बड़ी का हवाला देते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तुरंत इस्तीफे की मांग की है।
👉 यह भी पढ़ें:
- इंडिया गठबंधन की बैठक कल, कांग्रेस से नाराज कई पार्टियां नहीं हो रही हैं शामिल
- उपराष्ट्रपति चुनाव में साउथ वर्सेस साउथ की लड़ाई, इंडिया गठबंधन ने पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को घोषित किया अपना उम्मीदवार
- इंडिया गठबंधन ने संसद सत्र के लिए बनाई रणनीति, 24 दलों ने ऑनलाइन बैठक में लिया हिस्सा
- इंडिया गठबंधन की जल्द बैठक होनी चाहिए: उद्धव ठाकरे
सरकार से सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग
कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार से मांग की है कि सरकार जल्द से जल्द एक सर्वदलीय बैठक बुलाए, जिसमें देश की आर्थिक हालत, बेरोजगारी, महंगाई और किसानों से जुड़े मुद्दों पर गंभीर रूप से चर्चा की जा सके। खड़गे ने कहा कि इंडिया ब्लॉक की यह बैठक हर दो महीने पर आयोजित की जाएगी और अगली मीटिंग तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में ठीक दो महीने बाद 8 अगस्त, 2026 को आयोजित की जाएगी।
राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर लगाए आरोप
बताया जाता है कि इंडिया ब्लॉक की बैठक में लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की विदेश नीति को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया संकट को लेकर केंद्र सरकार का रुख साफ नहीं रहा है, जबकि अमेरिका के साथ भारत के व्यापार समझौते के मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया है कि सरकार ने किसानों को अमेरिका के हाथों बेच दिया है।


