नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी और राघव चड्ढा के बीच अनबन और बढ़ती जा रही है। पंजाब की आप सरकार ने अपने ही राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा की जेड प्लस कैटेगरी की सुरक्षा हटा ली है। इस दौरान आम आदमी पार्टी ने दावा किया कि चड्ढा को केंद्र सरकार सुरक्षा देने जा रही है।
उल्लेखनीय है कि 2 अप्रैल को आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के उपनेता पद से हटा दिया था। उनकी जगह पंजाब से सांसद अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को भी सूचित कर दिया कि अब चड्ढा को पार्टी कोटे से बोलने का समय न दिया जाए। इस फैसले के बाद से ही चड्ढा और पार्टी नेतृत्व के बीच बयानबाजी तेज हो गई थी। राघव चड्ढा ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा था कि उन्हें “खामोश” करने की कोशिश की गई है, लेकिन वे हार मानने वालों में नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि उनकी खामोशी को कमजोरी न समझा जाए। इसके जवाब में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज, आतिशी और खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान खुलकर सामने आए और चड्ढा पर पार्टी लाइन से हटने के आरोप लगाए।
👉 यह भी पढ़ें:
- केरल के त्रिशूर में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 13 लोगों की मौत, कई घायल, पीएम मोदी ने जताया दुख
- इंदौर में पीडब्ल्यूडी के तीन अफसरों को लोकायुक्त ने रिश्वत लेते पकड़ा, बिल के बदले मांगे थे साढ़े तीन लाख रुपए
- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बिगड़े बोल, पीएम मोदी को बता दिया आतंकवादी, फिर खुद ही देने लगे सफाई
इसी बीच सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर दावा किया कि केंद्र सरकार राघव चड्ढा को जेड प्लस सुरक्षा देने की तैयारी में है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर केंद्र सरकार चड्ढा पर इतनी मेहरबान क्यों दिख रही है। हालांकि, चड्ढा के करीबी सूत्रों का कहना है कि अभी उन्हें केंद्र से कोई सुरक्षा नहीं मिली है, लेकिन जल्द ऐसी संभावना बन सकती है।


