कोलकाता। टीएमसी ने एक स्टिंग वीडियो जारी कर भाजपा पर बाबरी मस्जिद की नींव रखने वाले हुमायूं कबीर से 100 करोड़ की डील करने के आरोप लगाए हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को इस आरोप का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा सत्ता के लिए किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगी। पश्चिम बंगाल में जो लोग बाबरी मस्जिद बनाने की बात करते हैं, उनसे हाथ मिलाने के बजाय पार्टी 20 साल तक विपक्ष में बैठना बेहतर समझेगी।
कोलकाता में भाजपा का संकल्प पत्र जारी करने के दौरान अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी। दरअसल टीएमसी ने दावा किया था कि भाजपा ने पूर्व तृणमूल नेता हुमायूं कबीर को ममता बनर्जी सरकार गिराने के लिए इस्तेमाल किया है। इस पर शाह ने कहा कि ममता जी 2,000 वीडियो बनवा सकती हैं, लेकिन हुमायूं कबीर और भाजपा का मेल साउथ और नॉर्थ पोल जैसा है। हम कभी साथ नहीं आ सकते। अमित शाह ने स्पष्ट कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाने वालों से कभी गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करेगी।
टीएमसी ने जारी किया था वीडियो
उल्लेखनीय है कि टीएमसी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुमायूं कबीर का एक वीडियो दिखाया। इसमें वह कथित तौर पर भाजपा नेताओं के साथ पैसों की बातचीत करते सुने जा सकते हैं। टीएमसी ने आरोप लगाया कि कबीर ने भाजपा से करीब 1000 करोड़ रुपये की डील की और इसमें से 200 करोड़ रुपये एडवांस मिलने का दावा भी किया है।


