बीएमसी में महायुति की जीत के बाद मेयर पद पर सस्पेंस, शिंदे ने दिए बड़े संकेत
बृहन्मुंबई महानगर पालिका बीएमसी चुनाव में महायुति की जीत के बाद अब मेयर पद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हालांकि अब तक मुंबई के मेयर के नाम पर कोई अंतिम फ़ैसला नहीं हो सका है।
शनिवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शिवसेना (शिंदे गुट) के 29 नवनिर्वाचित पार्षदों को मुंबई के एक पांच सितारा होटल में ठहराया। इसके बाद रविवार को उन्होंने इन सभी पार्षदों से मुलाका त कर आगे की रणनीति पर चर्चा की।
इस बैठक को लेकर एकनाथ शिंदे ने बताया कि वह पार्षदों का मार्गदर्शन करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान वॉर्ड स्तर पर विकास कार्यों को गति देने जैसे अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।
मेयर पद को लेकर पूछे गए सवाल पर शिंदे ने स्पष्ट संकेत देते हुए कहा,
“ठाणे, कल्याण, डोम्बिवली, उल्हासनगर—हर जगह महायुति का ही मेयर होगा। मुंबई में भी महायुति का मेयर बनेगा।”
गौरतलब है कि बीएमसी चुनाव में बीजेपी 89 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन उसे अपने दम पर बहुमत नहीं मिला। वहीं उसकी सहयोगी शिवसेना (शिंदे गुट) ने 29 सीटों पर जीत दर्ज की है, जिससे मेयर पद को लेकर गठबंधन की भूमिका अहम हो गई है।




