बोलीविया में सैन्य विमान हादसा: रनवे से फिसला हरक्यूलिस C-130, 15 की मौत, सड़क पर बिखरे नए नोट
दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया में शुक्रवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। राजधानी ला पाज के पास स्थित एल अल्टो शहर में बोलीविया एयरफोर्स का हरक्यूलिस C-130 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 30 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह दुर्घटना शाम करीब 6 बजे स्थानीय समय पर हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विमान लैंडिंग या टेक-ऑफ के दौरान रनवे से फिसल गया और एयरपोर्ट की बाउंड्री मेश तोड़ते हुए पास की सड़क पर जा गिरा। इसके बाद वह कई कारों और अन्य वाहनों से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
दमकल विभाग के प्रमुख पावेल टोवर ने यह स्पष्ट नहीं किया कि मृतक विमान में सवार थे या हवाई अड्डे के पास राजमार्ग पर मौजूद कारों में। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह सैन्य विमान देश के अलग-अलग हिस्सों में नए बैंक नोट पहुंचाने जा रहा था। हादसे के बाद सड़क पर नोट बिखर गए, जिनका वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बनाया—जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, विमान ने इससे पहले सांता क्रूज से उड़ान भरी थी और एल अल्टो में रनवे से फिसलकर पास की सड़क पर उतरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। स्थानीय मीडिया आउटलेट Unitel ने बोलिवियाई रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि विमान देश के आंतरिक इलाकों में मुद्रा ले जा रहा था।
इस बीच, राष्ट्रीय एयरलाइन Boliviana de Aviación ने बयान जारी कर कहा कि हादसे के बाद एल अल्टो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान उसके बेड़े का हिस्सा नहीं था।


