केदारनाथ। केदारनाथ धाम से रविवार सुबह एक बुरी खबर आ रही है। तीर्थ यात्रियों को लेकर वापस गुप्तकाशी लौट रहा हेलीकॉप्टर गौरीकुंड के नजदीक धुरी खर्क के समीप क्रैश हो गया है। आर्यन हेली एविशन के इस हेलीकॉप्टर में पायलट समेत सात लोग सवार थे, जिनकी मौत हो गई है।
घटना आज सुबह 5 बजे के करीब की बताई जा रही है। हादसे का कारण मौसम खराब होना बताया जा रहा है। उत्तराखंड एडीजी कानून एवं व्यवस्था, डॉ. वी. मुरुगेशन ने बताया कि गौरीकुंड में लापता हुआ हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। जानकारी के मुताबिक सुबह पांच बजकर 17 मिनट पर आर्यन कंपनी का हेलिकॉप्टर 6 श्रद्धालुओं को लेकर केदारनाथ हेलीपैड से गुप्तकाशी हेलीपैड के लिए टेकऑफ किया था। रास्ते में मौसम खराब होने के कारण हेलिकॉप्टर द्वारा अन्य स्थान पर हार्ड लैंडिंग करने से हेलीकाप्टर क्षतिग्रस्त हुआ।
सीएम धामी ने जताया दुख
इस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दुख जताया है। उन्होंने कहा कि जनपद रुद्रप्रयाग में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन एवं अन्य रेस्क्यू दल राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं।
मृतकों में 23 महीने का बच्चा भी
मृतकों में राजकुमार जयसवाल, श्रद्धा जयसवाल, काशी जयसवाल, तुष्टि सिंह, विनोद, विक्रम सिंह और कैप्टन राजीव शामिल हैं। इसमें जायसवाल दंपत्ति के साथ उनका 23 महीने का बच्चा भी मौत का शिकार हो गया।


