नई दिल्ली। माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर आज फिर से भूस्खलन हुआ है। मंदिर जाने के ट्रैक पर समर प्वाइंट में भूस्खलन के समय वहां कोई यात्री नहीं था। इस कारण कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन लगातार 9 वें दिन यात्रा स्थगित कर दी गई है।
उल्लेकनीय है कि जम्मू-कश्मीर में बीते कई दिनों से भारी बारिश का दौर जारी है। इस कारण बादल फटने, भूस्खलन जैसी आपदा सामने आ रही है। लगातार बाढ़ के हालात भी बन रहे है। बुधवार को माता वैष्णो देवी भवन मार्ग पर एक बार फिर से भूस्खलन हुआ है। 26 अगस्त को माता वैष्णो देवी मार्ग पर अर्धकुंवारी के पास लैंडस्लाइड की घटना हुई थी। इस हादसे में 34 तीर्थयात्रियों की मृत्यु हो गई और 20 अन्य घायल हुए थे।
मौसम विभाग ने अगले 14 से 16 घंटे के दौरान जम्मू, कठुआ, रियासी, डोडा, उधमपुर, राजौरी और रामबन जिले में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है। अगले 14 से 16 घंटों के दौरान किश्तवाड़, पुंछ, अनंतनाग, शोपियां और कुलगाम में भारी बारिश और इसके साथ ही पीर पंजाल रेंज और दक्षिण कश्मीर के कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश या कुछ समय के लिए तीव्र वर्षा का पूर्वानुमान लगाया गया है।


