नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण कई देशों के लिए उड़ानें रद्द कर दी गई है। एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, स्पाइसजेट और इंडिगो ने रविवार को दुबई और अबू धाबी जाने वाली कई उड़ानें रद्द कर दी हैं। यह फैसला ईरान, इस्राइल और अमेरिका के बीच चल रहे संघर्ष और हवाई क्षेत्र पर लगी पाबंदियों की वजह से लिया गया है।
एयर इंडिया समूह ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के एयरपोर्ट अधिकारियों ने नए निर्देश जारी किए हैं। इस कारण 15 मार्च की उड़ानों में कटौती करनी पड़ी है। एयर इंडिया ने दिल्ली से दुबई के बीच सिर्फ एक वापसी उड़ान चलाने का फैसला किया है। दुबई के लिए तय पांच उड़ानों में से चार को रद्द कर दिया गया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की स्थिति भी ऐसी ही है। इसने दुबई के लिए अपनी छह में से पांच उड़ानें रद्द कर दी हैं। दिल्ली से दुबई के लिए सिर्फ एक वापसी उड़ान चलेगी। इसके अलावा, अबू धाबी जाने वाली सभी पांच उड़ानें भी रद्द कर दी गई हैं। हालांकि, एयरलाइन शारजाह से दिल्ली, कन्नूर, कोच्चि, कोझिकोड, मुंबई और तिरुवनंतपुरम जैसे शहरों के लिए उड़ानें चलाने की योजना बना रही है। साथ ही रस अल खैमाह से कोझिकोड और कोच्चि के लिए भी उड़ानें संचालित होंगी। ये उड़ानें स्लॉट मिलने और समय की स्थिति पर निर्भर करेंगी।
👉 यह भी पढ़ें:
- भारतीय यात्रियों के लिए बड़ी खबर, अबू धाबी में तीन महीने तक मुफ्त प्रवेश वीजा की पेशकश; जानिए किसे मिलेगा लाभ
- आबू धाबी में शुरू हुआ भारत–यूएई सैन्य अभ्यास ‘डेजर्ट साइक्लोन-2’, 30 दिसंबर तक चलेगा युद्धाभ्यास
- आईपीएल 2026 ऑक्शन: 16 दिसंबर को अबूधाबी में 350 खिलाड़ियों पर लगेगी बोलियां!
- अबू धाबी जा रहा इंडिगो का विमान कोच्चि लौटा, दो घंटे तक आसमान में अटकी रही 180 यात्रियों की सांसें
- विदेश मंत्री एस. जयशंकर की अबू धाबी के क्राउन प्रिंस और अन्य अधिकारियों से महत्वपूर्ण मुलाकात
- अगले हफ्ते भारत आएंगे अबू धाबी के क्राउन प्रिंस
इंडिगो ने भी रद्द की फ्लाइट्स
इंडिगो ने भी दुबई की अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरलाइन ने कहा कि अमेरिका–इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण हवाई क्षेत्र पर पाबंदियां लगी हैं। इंडिगो ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान का स्टेटस जरूर चेक कर लें। एयरलाइन अधिकारियों के साथ मिलकर धीरे–धीरे अपनी सेवाओं को फिर से शुरू करने की कोशिश कर रही है। इसमें यूरोप के कुछ मार्ग भी शामिल हैं। एयरलाइन ने कहा है कि जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द हुई हैं, वे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अगली तारीख के लिए टिकट बुक कर सकते हैं। उनके पास पूरा पैसा वापस (रिफंड) लेने का विकल्प भी है।
स्पाइसजेट के भी यही हाल
स्पाइसजेट ने भी एक पोस्ट में बताया है कि पश्चिम एशिया में बिगड़ते हालातों की वजह से दुबई आने–जाने वाली उड़ानों के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिए गए हैं, जिसके परिणामस्वरूप उड़ानों के समय में बदलाव हो सकता है। एयरलाइन यात्रियों को उनके फोन नंबर और ईमेल पर इसकी जानकारी दे रही है। एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट निकलने से पहले कंपनी की वेबसाइट पर अपनी उड़ान का स्टेटस जरूर चेक कर लें। किसी भी तुरंत मदद के लिए यात्री एयरलाइन के हेल्पलाइन नंबरों पर फोन कर सकते हैं।
कतर एयरवेज की फ्लाइट भी निरस्त
कतर एयरवेज की फ्लाइट्स भी फिलहाल निलंबित कर दी गई हैं। कतर का एयरस्पेस बंद होने की वजह से दोहा के लिए अभी कोई उड़ान नहीं है एयरलाइन ने कहा है कि कतर सिविल एविएशन अथॉरिटी की मंजूरी मिलते ही ऑपरेशन दोबारा से शुरू किया जाएगा। ऐसे में अगर आपकी दुबई, अबू धाबी या दोहा की फ्लाइट है तो एयरपोर्ट जाने से पहले एयरलाइन की वेबसाइट या ऐप पर फ्लाइट स्टेटस जरूर देखें।



