नई दिल्ली। भारतीय रेलवे 1 जुलाई 2025 से नया किराया लागू करने जा रही है। इसका असर लंबी दूरी और एसी ट्रेनों पर पड़ेगा। लोकल ट्रेनों के किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी। रेलवे के इस फैसले से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को अब ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार साधारण सेकंड क्लास में 500 किलोमीटर तक कोई बदलाव नहीं होगा, लेकिन 500 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर आधा पैसा प्रति किलोमीटर बढ़ाया जाएगा। इसी तरह मेल/एक्सप्रेस (गैर–एसी) ट्रेनों में 1 पैसा प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी होगी। एसी क्लास में भी 2 पैसे प्रति किलोमीटर का इजाफा किया गया है। रेलवे बोर्ड की ओर से रेल मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा गया है। बोर्ड ने 1 जुलाई से ट्रेन किराए में बढोतरी की सिफारिश की गई है। रेलवे बोर्ड की सिफारिशों को अगर रेल मंत्रालय की मंजूरी मिलती है तो 1 जुलाई से आपके लिए रेल सफर महंगा हो जाएगा।
तत्काल टिकट के नियम भी बदलेंगे
रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है। रेलवे के नियम के मुताबिक 1 जुलाई 2025 से तत्काल टिकटों की बुक के लिए आईआरसीटीसी की लॉगइन आईडी आधार कार्ड से लिंक होनी जरूरी है। रेलवे की ओर से जारी किए गए आदेश के मुताबिक 1 जुलाई से बिना आधार आप तत्काल टिकटों की बुकिंग नहीं कर पाएंगे। 15 जुलाईं से तत्काल टिकट बुक करते समय आधार कार्ड के लिंक्ड मोबाइल पर आए ओटीपी भरना होगा, तभी आप तत्काल टिकट बुक कर पाएंगे


