नई दिल्ली। आईपीएल 2026 के बुधवार 8 अप्रैल को खेले गए रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस को हारते-हारते जीत मिल गई। उसने दिल्ली कैपिटल्स को एक रन से हरा दिया। गुजरात ने एक रन से अंतिम गेंद पर जीत दर्ज कर आईपीएल 2026 में पहली जीत दर्ज की। दिल्ली की तीन मैचों में यह पहली हार है।
अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 210 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 209 रन ही बना सकी। राशिद खान ने 3 विकेट झटके। गिल-बटलर और सुंदर के अर्धशतक की बदौलत गुजरात ने दिल्ली को 211 रनों का लक्ष्य दिया। वाशिंगटन सुंदर ने आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत अपना अर्धशतक पूरा किया और 32 गेंदों में 55 रन बनाए। कप्तान शुभमन गिल 70 रन बनाकर पवेलियन लौटे। आज गुजरात के लिए जोस बटलर ने भी अपना फार्म वापस हासिल करते हुए नजर आए और 27 गेंदों में 52 रन की पारी खेली। दिल्ली की ओर से केएल राहुल ने 92 रनों की पारी खेली। उन्होंने पाथुम निसांका के साथ 76 रन की ओपनिंग साझेदारी की। राहुल ने 17वें ओवर तक बल्लेबाजी की। उनके आउट होने के बाद दिल्ली को 18 बॉल पर 45 रन की जरूरत थी। आखिर में डेविड मिलर ने 20 बॉल पर 41 रन बनाए, लेकिन फिर भी टीम को जीत नहीं दिला पाए।


