मथुरा। यूपी के मथुरा के गोविंद नगर क्षेत्र में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। शाहगंज दरवाजा क्षेत्र में सिद्ध बाबा मंदिर के पास टीला खिसकने से छह मकान धराशायी हो गए। बचाव कार्य शुरू करा दिया गया। मलबे से कुछ लोगों को निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि प्लाटिंग को यहां जमीन समतल की जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ।
बताया जाता है कि शाहगंज दरवाजा क्षेत्र में सिद्ध बाबा मंदिर के पास बहुत पुराना टीला है। रविवार को यह अचानक से खिसकने लगा, जिससे छह मकान मलबे में बदल गए। मकान में रहने वाले परिवार और पास ही निर्माणाधीन दीवार पर काम कर रहे मजदूरों समेत एक दर्जन लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। पुलिस प्रशासन की टीम ने जेसीबी व अन्य मशीनों के जरिए माैके पर राहत बचाव कार्य शुरू करा दिया है। अब चार लोगों को मलबे से निकाला गया है, जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया है। इनमें दो बच्चियां भी हैं। बताया गया है कि दोनों सगी बहनें अपनी नानी के यहां आईं थी। बताया जाता है कि प्लॉटिंग के लिए जमीन को बुलडोजर के जरिए समतल कर किया जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।



