लखनऊ। उत्तर प्रदेश में एसआईआर के बीच समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बड़ा दावा किया है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह जहां–जहां हार जाती है, वहां वोट कटवा देती है। यूपी में 3 करोड़ वोटरों के नाम हटाए जाने वाले हैं।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि जिस सीट से मैं चुनकर आता हूं, अभी जो डेटा निकलकर सामने आया है वो ये है कि यहां 2 लाख से ज्यादा वोट काटे जा रहे हैं। हमारे बगल में फर्रुखाबाद है, वो भी समाजवादी पार्टी की सीट रही है, वहां भी लगभग 2 से ढाई लाख वोट कट रहा है। अखिलेश ने कहा कि अगर एक पार्लियामेंट्री क्षेत्र में दो–तीन लाख वोट कट जाएगा तो चिंता की बात है।
अखिलेश ने कहा कि पूरे यूपी में जो डेटा निकलकर सामने आ रहा है वो लगभग तीन करोड़ वोटों के काटने का काम किया जा रहा है तो आप चुनाव कैसे करा रहे हैं। इलेक्शन तो तब अच्छा होगा जब सभी को वोट डालने का मौका मिलेगा। चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि सबका वोट बने लेकिन इधर जो एसआईआर की एक्सरसाइज हो रही है, ये वोट काटने के लिए हो रही है। जो लोग एनआरसी नहीं कर पाए, वो एसआईआर के माध्यम से एनआरसी करा रहे हैं।
आधार को वोटर लिस्ट से नहीं जोड़ने पर सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि जब बिहार में एसआईआर शुरू हुआ, तो सभी राजनीतिक पार्टियों ने इसका विरोध किया। हमें सुप्रीम कोर्ट तक जाना पड़ा। बिहार में बड़े पैमाने पर वोट काटे गए क्योंकि आज बूथ लेवल पर डेटा उपलब्ध है। अखिलेश यादव ने कहा कि आपके पास आधार कार्ड है, उसमें पूर डेटा है। उसमें रेटिना की इमेज है। हाथों के फिंगरप्रिंट हैं तो आप आधार को वोटर लिस्ट से क्यों नहीं जोड़ना चाहते हैं। अगर आप आधार को वोटर लिस्ट से जोड़ दें तो लोगों को इतनी परेशानी तकलीफ नहीं होगी। उन्हें फॉर्म नहीं भरने पड़ेंगे, कागज नहीं ढूंढने पड़ेंगे, लेकिन आप की नीयत साफ नहीं है।


