बरेली। बरेली के सीबीगंज के परधोली गांव के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी सड़क किनारे खड़े टैंकर से पीछे से जा टकराई। इस दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि बोलेरो चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जाता है कि लखनऊ की ओर से आ रही बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े टैंकर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। गाड़ी में सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी और फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की। बाद में पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कटर की मदद से गाड़ी को काटकर घायलों को बाहर निकाला।




