पाकिस्तान में फंसी भारतीय सिख महिला सरबजीत कौर की भारत वापसी फिर अटकी, गृह मंत्रालय ने ऐन वक्त पर लगाई रोक
धर्म परिवर्तन और शादी के बाद पाकिस्तान में रह रही भारतीय सिख महिला सरबजीत कौर की भारत वापसी एक बार फिर अधर में लटक गई है। सोमवार को सरबजीत कौर अटारी–वाघा अंतरराष्ट्रीय सीमा तक पहुंच चुकी थीं और भारत भेजे जाने की पूरी तैयारी थी, लेकिन आखिरी समय में पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने उनकी वतन वापसी पर रोक लगा दी।
सीमा पर मौजूद भारतीय एजेंसियों को खाली हाथ लौटना पड़ा। बीएसएफ और इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट अटारी का स्टाफ महिला को रिसीव करने के लिए तैयार था, वहीं इमिग्रेशन और कस्टम से जुड़ी औपचारिकताएं भी लगभग पूरी हो चुकी थीं।
पंजाब के कपूरथला की रहने वाली सरबजीत कौर सिख श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ पाकिस्तान गई थीं, जहां वह अचानक लापता हो गईं। बाद में पता चला कि उन्होंने इस्लाम धर्म अपना लिया और अपना नाम नूर हुसैन रखकर पाकिस्तानी नागरिक नासिर हुसैन से निकाह कर लिया। इसके बाद यह मामला पाकिस्तान में कानूनी विवाद में बदल गया।
हाल ही में पाकिस्तान की एक स्थानीय अदालत ने सरबजीत कौर को भारत भेजने के आदेश दिए थे। इसके तहत पाकिस्तानी पुलिस ने उन्हें तलाश कर सोमवार को वाघा बॉर्डर तक पहुंचाया था। हालांकि, पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने यह कहते हुए रोक लगा दी कि सरबजीत कौर ने अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन और निकाह किया है और मामला अभी अदालत में लंबित है। मंत्रालय के अनुसार अंतिम अदालती फैसले के बाद ही डिपोर्टेशन पर निर्णय लिया जाएगा।
फिलहाल उनकी भारत वापसी अनिश्चितकाल के लिए टाल दी गई है।


