ईरान से भारतीय छात्रों की सुरक्षित वापसी शुरू: तेहरान–दिल्ली पहली निकासी उड़ान शुक्रवार को रवाना
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान में फंसे भारतीय छात्रों की सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया तेज हो गई है। जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अनुसार, तेहरान से दिल्ली के लिए पहली निकासी उड़ान शुक्रवार को रवाना होने वाली है। सभी छात्रों का रजिस्ट्रेशन पूरा कर लिया गया है।
तनावपूर्ण हालात के बीच ईरान ने अपने हवाई क्षेत्र को नागरिक उड़ानों के लिए दोबारा खोल दिया है, जिसके बाद भारतीय छात्रों की वापसी का रास्ता साफ हो गया है। दूतावास ने छात्रों के व्यक्तिगत विवरण और पासपोर्ट से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। पहले बैच के छात्रों को सुबह तैयार रहने की सूचना दे दी गई है।
पहले बैच में गोलीस्टन यूनिवर्सिटी के छात्रों के साथ-साथ एसबीयूएमएस (शहीद बेहेश्ती यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज) और टीयूएमएस (तेहरान यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज) के कुछ छात्रों के शामिल होने की संभावना है।
अधिकारियों के अनुसार, अंतिम यात्री सूची की पुष्टि के बाद इसे जारी किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि बाकी छात्रों की निकासी भी इसी तरह सुरक्षित और सुचारु रूप से जारी रहेगी।


